शिमला-22जनवरी. हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA), हमीरपुर ने ग्रुप इंस्ट्रक्टर (कॉन्ट्रैक्ट आधार) के 12 पदों की भर्ती के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है। यह परीक्षा 17 नवंबर 2025 को आयोजित की गई थी।
आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, कुल 12 पदों में सामान्य वर्ग (UR) के 6, ओबीसी (UR) के 2, एससी (UR) के 2, एससी (बीपीएल) का 1 तथा एसटी (UR) का 1 पद शामिल है। यह भर्ती निदेशक, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग, हिमाचल प्रदेश, सुंदरनगर की मांग पर विज्ञापन संख्या 01/2024 दिनांक 04 मार्च 2024 के अंतर्गत की जा रही है।
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 1559 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 946 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए जबकि 613 अनुपस्थित रहे। स्क्रीनिंग टेस्ट के आधार पर आयोग ने 39 अभ्यर्थियों को आगामी चयन प्रक्रिया/दस्तावेज़ सत्यापन के लिए अस्थायी रूप से शॉर्टलिस्ट किया है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों के दस्तावेज़ों का सत्यापन 5 फरवरी 2026 को सुबह 10 बजे हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग, हमीरपुर के परिसर में किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सभी मूल प्रमाण पत्र, दस्तावेज़ों की दो सेट स्वप्रमाणित प्रतियां, एक पहचान पत्र तथा डाउनलोड किया गया आवेदन पत्र साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।
आयोग ने यह भी चेतावनी दी है कि निर्धारित तिथि को दस्तावेज़ सत्यापन में उपस्थित न होने वाले अभ्यर्थियों को आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा और उन्हें कोई अतिरिक्त अवसर नहीं दिया जाएगा।
