Breaking: SBI बद्दी शाखा में 33 करोड़ की धोखाधड़ी, मामला दर्ज


शिमला-22 जनवरी. हिमाचल प्रदेश एक के बाद एक धोखाधड़ी के मामले सामने आ रहे हैं। अब ताजा मामला सोलन के बद्दी स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में 33 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सीबीआई ने एंटी करप्शन ब्यूरो शिमला में यह मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शिकायत बद्दी शाखा के सहायक महाप्रबंधक ने की थी, जिसके आधार पर सीबीआई ने हैदराबाद की एक निजी कंपनी के निदेशकों के खिलाफ केस दर्ज किया। आरोप है कि कंपनी के निदेशक संधरपल्ले वेंकटैया और गुड़लुरु मस्तान ने सरकारी अधिकारियों और निजी व्यक्तियों की मिलीभगत से बैंक से धोखा किया।

सीबीआई के अनुसार, आरोपितों ने पहले से गिरवी रखी संपत्तियों को बैंक की अनुमति के बिना निपटाने और हटाने का प्रयास किया। इसके अलावा, उन्होंने बिक्री और पट्टे की राशि का निजी उपयोग किया और उसे बैंक में जमा नहीं किया, जिससे सरकारी खजाने को 33 करोड़ का नुकसान हुआ और आरोपितों ने खुद को गलत तरीके से लाभ पहुंचाया। यह कंपनी के प्लांट और फैक्टरी औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में स्थित है, जबकि इसका मुख्यालय हैदराबाद में है। इस मामले में सीबीआई ने कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा, सीबीआई ने पंजाब नेशनल बैंक के साथ भी 3.34 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। देवांग सेल्स कॉर्पोरेशन के दो साझेदारों और अन्य आरोपियों के खिलाफ यह केस पंजाब नेशनल बैंक के मुख्य प्रबंधक कपिल मट्टा की शिकायत पर दर्ज किया गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *