हमीरपुर-14 मई. मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के पैतृक निवास के पास उड़ते दिखे संदिग्ध ड्रोन से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक यह ड्रोन काफी देर तक उड़ता हुआ देखा गया जहां उनकी वयोवृद्ध माता सहित अन्य परिजन भी घर में रह रहे हैं। स्थानीय लोगों ने घरों की लाइटें आदि तुरंत बंद कर दीं।
करौर पंचायत के पूर्व उप प्रधान संजीव कुमार और मुख्यमंत्री की गृह पंचायत अमलेहड़ की प्रधान सोनिया ठाकुर ने बताया कि पहले यह ड्रोन सेरा गांव के ऊपर उड़ते हुए देखे गए। जिनमें से एक गौना की ओर, एक माझयार की ओर और एक कोहला गांव की ओर बहुत तेज गति से जाता हुआ देखा गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक एक ड्रोन क्रैश हो गया है। हालांकि पुलिस की तरफ से अभी तक इसकी पुष्टि नही हुई है। थाना प्रभारी नादौन निर्मल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम को तुरंत मौका पर भेजा गया है तथा मामले की जांच आरंभ कर दी गई है। एसपी हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने कहा कि डीएसपी और स्थानीय थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर भेजे गए हैं। मामले में जांच की जा रही है।
