शिमला-27 मार्च. प्रदेश में चरमराती कानून व्यवस्था व सरकार द्वारा जनता के साथ किए वादों को लेकर भाजपा ने शिमला के चौड़ा मैदान में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। रैली में हजारों कार्यकर्ता प्रदेशभर से चाैड़ा मैदान पहुंचे। इस दाैरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चाैड़ा मैदान में प्रदर्शन के बाद जब भाजपा कार्यकता बैरिकेड्स को धक्का देकर विधानसभा की ओर बढ़ने का प्रयास करने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। कुछ बैरिकेड्स पर चढ़कर आगे बढ़ने का प्रयास करने लगे, लेकिन सफल नहीं रहे। इस दाैरान जमकर धक्कामुक्की हुई। जिससे माहाैल तनावपूर्ण हो गया। प्रदर्शन की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की, जिसमें प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, विधायक समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे। रैली को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार के ढाई वर्षों के कुशासन ने प्रदेश को बर्बादी के कगार पर ला खड़ा किया है।
रैली को संबोधित करते हुए बिंदल ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार के ढाई वर्षों के कुशासन ने प्रदेश को बर्बादी के कगार पर ला खड़ा किया है। सरकार ने मात्र दो साल चार महीने में प्रदेश को 32,000 करोड़ के नए कर्ज के बोझ तले दबा दिया, जिससे कुल कर्ज 1,03,000 करोड़ तक पहुंच गया है। सरकार की लूट और भ्रष्टाचार ने विकास को पूरी तरह से ठप कर दिया है, जिससे रोजगार के अवसर समाप्त हो गए और महंगाई चरम पर पहुंच गई। डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल चिट्टा माफिया, शराब माफिया, कबाड़ माफिया, खनन माफिया और वन माफिया के चंगुल में फंस चुका है। कांग्रेस सरकार इन माफियाओं को खुला संरक्षण दे रही है, जिससे प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि यह सरकार माफियाराज और भ्रष्टाचार के मकड़जाल में जकड़ गई है। प्रदेश में हर तरफ अराजकता और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। सरकार के संरक्षण में प्रदेश में माफियाराज फल-फूल रहा है। आज तक भ्रष्टाचार को सरकार से इस तरह से संरक्षण नहीं मिला है। आज जो हो रहा है वह न प्रदेश में पहले कभी हुआ है और न ही देवभूमि की संस्कृति के अनुरूप है। प्रदेश में वन माफिया लाखों पेड़ों काकटान कर रहा है और सरकार उस पर कार्रवाई करने के बजाय संरक्षण दे रही है। साथ ही सरकार में मित्रों का जो बोलबाला है, वह प्रदेश के हितों पर भारी पड़ रहा है। अब उसमें अफसरशाही भी शामिल हो गई है, जिसकी वजह से विमल नेगी जैसे ईमानदार, कर्मठ और सुलझे हुए अधिकारी आज हमारे बीच नहीं हैं। सुक्खू सरकार प्रदेश मित्र सरकार होने के बजाय मित्रमंडली हितैषी सरकार है। जो झूठ के भरोसे सत्ता में आई और झूठ और महा झूठ के भरोसे सत्ता में बनी रहना चाहती है। कहा कि सरकार के खिलाफ अब प्रदेश के लोगों ने हल्ला बोल दिया है। यह लड़ाई हम रुकने नहीं देंगे और सरकार के भ्रष्टाचार के पाई-पाई का हिसाब लेंगे।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि ढाई साल में कांग्रेस सरकार ने हिमाचल को अपराध, माफियाराज और कर्ज के दलदल में धकेल दिया है। जनता के बीच भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ आक्रोश चरम पर है और अब यह सरकार ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों को कांग्रेस सरकार का खुला संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में जंगलराज अपने चरम पर है। मंडी, बिलासपुर, ऊना, हमीरपुर और अन्य जिलों में गैंगवार और गोलीबारी आम बात हो गई है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि ईमानदार अधिकारियों को खुलेआम धमकायाजा रहा है। माफिया तंत्र ने प्रशासन और कानून को बंधक बना दिया है, लेकिन कांग्रेस सरकार इस पर मौन साधे बैठी है।
