कुल्लू-07 फरवरी. हिमाचल में भ्रष्टाचार के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। भ्रष्टाचारियों पर विजिलेंस की टीम भी पैनी नजर बनाए हुए है। अब विजिलेंस और एंटी करप्शन ब्यूरो (SV & ACB) ने खाद्य सुरक्षा विभाग की सहायक आयुक्त कुल्लू भविता टंडन को 1.10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस मामले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी और चपड़ासी भी हिरासत में हैं। शिकायतकर्ता पदम चंद ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि अधिकारी ने उनके होटल ‘स्नो पीक रिट्रीट’ के खिलाफ जारी किए गए नोटिस को निपटाने के बदले 2 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। यह नोटिस 28 नवंबर 2024 को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2011 के तहत मिसब्रांडेड पापड़ और असुरक्षित कुकिंग ऑयल रखने के कारण जारी किया गया था।
शिकायतकर्ता ने विजिलेंस विभाग को सूचित किया, जिसके बाद डीएसपी अजय कुमार के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। शिकायतकर्ता ने अधिकारी के निर्देशानुसार 1.10 लाख रुपये की रिश्वत चपरासी केशव राम को सौंप दी, जिसे विजिलेंस टीम ने मौके पर ही पकड़ लिया।विजिलेंस टीम ने रिश्वत की रकम केशव राम (चपरासी) के पास से बरामद की और इस दौरान भविता टंडन (सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा) और पंकज (खाद्य सुरक्षा अधिकारी) को भी गिरफ्तार कर लिया।
