शिमला-04 फरवरी. प्रदेश के कई भागों में माैसम ने करवट बदली है। मंगलवार सुबह से अटल टनल रोहतांग सहित जनजातीय क्षेत्र लाहाैल-स्पीति, चंबा, किन्नाैर के ऊंचाई वाले भागों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। अटल टनल के दोनों छोर में बर्फबारी होने से पुलिस प्रशासन ने सैलानियों व आम लोगों को इस तरफ आवाजाही नहीं करने की हिदायत दी है। वहीं, सूखे जैसे हालात से परेशान प्रदेश के किसान-बागवानों को भी बारिश का बेसब्री से इंतजार है। आज राजधानी शिमला में भी बादल छाए हुए हैं, हालांकि बीच-बीच में धूप भी खिल रही है। वहीं बर्फ के बीच पर्यटकों ने अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल के पास खूब मस्ती की। किन्नौर जिले के ऊपरी क्षेत्रों में हिमपात और निचले क्षेत्र में बारिश हो रही है।
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से राज्य में 5, 8 व 9 फरवरी को अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है। जबकि 4 फरवरी को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। सप्ताह के शेष दिनों के दाैरान राज्य में माैसम साफ रहने के आसार हैं। 4 फरवरी को कुछ स्थानों पर शीत दिवस रहने की संभावना है। विभाग के अनुसार 4 फरवरी से 5 फरवरी की शाम/मध्य रात्रि तक कई स्थानों पर हल्की बर्फबारी, जबकि किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिले सहित कांगड़ा, चंबा, शिमला, मंडी, सिरमौर और कुल्लू जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मध्यम बर्फबारी की संभावना है। इन जिलों के शेष भागों में कई स्थानों पर हल्की तथा कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं सोलन, हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दाैरान पर्यटन स्थलों कुफरी, नारकंडा, मनाली, सोलंग घाटी, डलहौजी और सिस्सू और निकटवर्ती क्षेत्रों में भी बर्फबारी हो सकती है।
