Breaking: सूबे में नए साल पर करवट बदलेगा मौसम बारिश बर्फ़बारी के आसार


शिमला-28 दिसंबर.हिमाचल में सूखे जैसे हालात के बीच घना कोहरा लोगों की परेशानियां बढ़ा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के सात जिलों में 31 दिसंबर तक कोहरे का अलर्ट जारी किया है। मैदानी इलाकों में कोहरे के कारण जनजीवन और यातायात प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार मंडी और बिलासपुर जिलों में ऑरेंज अलर्ट, जबकि ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर के कुछ क्षेत्रों में येलो अलर्ट रहेगा। वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। भाखड़ा जलाशय क्षेत्र और बल्ह घाटी में कोहरा अधिक प्रभावी रहने की चेतावनी दी गई है।कोहरे का असर रेल यातायात पर भी साफ दिखाई दिया। कालका-शिमला रूट पर दिल्ली शताब्दी और हिमालयन क्वीन देरी से पहुंचीं। ऊना आने वाली कई ट्रेनें भी प्रभावित रहीं, जिनमें हिमाचल एक्सप्रेस, वंदे भारत एक्सप्रेस और इंदौर द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस शामिल हैं।

हालांकि राहत की खबर यह है कि नए साल पर मौसम करवट ले सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 30 दिसंबर से 2 जनवरी के बीच मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। नवंबर और दिसंबर में अब तक बारिश न होने से रबी फसलों पर संकट गहरा गया है।

तापमान की बात करें तो प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। उच्च पर्वतीय इलाकों में तापमान माइनस 4 से 7 डिग्री के बीच रहा, जबकि कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान -4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *