शिमला-10 अप्रैल. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश के कई क्षेत्रों में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। सूबे के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है जबकि निचले इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि ने लोगों को परेशानी में डाल दिया है। लाहौल-स्पीति जिले की ऊंची चोटियों पर गुरुवार को ताजा हिमपात हुआ। केलांग सहित पूरी घाटी में बारिश के कारण मौसम ठंडा और सुहावना हो गया है। कुल्लू जिले की उझी, पार्वती और सैंज घाटियों में जोरदार बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा है। इसी तरह शिमला शहर और आसपास के क्षेत्रों में देर शाम बारिश और ओलावृष्टि के साथ तेज अंधड़ चला। सिरमौर जिले के रोनहाट क्षेत्र में भी ओलावृष्टि दर्ज की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले 12 घंटों के लिए चेतावनी जारी की है।चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 10 अप्रैल को लाहुल स्पिति, चंबा, कुल्लू और कांगड़ा के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी का अनुमान लगाया था जिसके चलते बारिश और ओलावृष्टि हुई है। 11 और 12 अप्रैल को भी इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी की संभावना है। हालांकि 13 अप्रैल से राज्यभर में मौसम साफ रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। लेकिन उसके बाद न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।
