हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान हुई बारिश व बर्फ़बारी से मौसम साफ बना हुआ है। लेकिन मौसम विभाग ने आज निचले व मैदानी इलाकों मौसम साफ रहने का अनुमान लगाया है जबकि ऊंचाई और मध्यम पर्वतीय इलाकों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है. प्रदेश में हुई बारिश-बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. जिसके चलते समूचा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है. मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कुछ जिलों में घने कोहरे और शीतलहर चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक आज प्रदेश में ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर में सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाया रहेगा. इसके अलावा इन जिलों में कोल्ड वेव को लेकर चेतावनी जारी की गई है. ऐसे में प्रदेश में कड़ाके की ठंड जारी रहेगी. जिससे लोगों को रोजमर्रा के कामों में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है. वहीं, घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम रहेगी. जिससे वाहन चालकों को काफी दिक्कत हो सकती है. 28 जनवरी आज ऊंचे व मध्य पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है. 29 जनवरी को प्रदेशभर में मौसम साफ रहेगा. 30-31 जनवरी को सिर्फ ऊंचाई वाले इलाकों में ही एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है. बाकि प्रदेश में मौसम साफ रहेगा. जबकि 1 फरवरी को मौसम फिर से करवट लेने वाला है. 1 फरवरी को प्रदेशभर में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. वहीं, 2 फरवरी को ऊंचे और मध्य पर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी, निचले व मैदानी इलाकों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है.
