Breaking: सूबे की ऊंची चोटियों पर रुक- रुककर हिमपात जारी 23 तक बारिश बर्फबारी के आसार


शिमला-17 जनवरी. मौसम विभाग के अलर्ट के बाद राज्य में मौसम ने करवट बदली है। शनिवार को ऊंचे इलाकों में ताजा हिमपात हुआ है। सूबे के लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू के ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात का सिलसिला शुरू हो गया है। रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा दर्रों पर लगातार बर्फ गिर रही है। लाहौल-स्पीति जिले के हंसा में करीब 3 सैंटीमीटर ताजा बर्फ दर्ज की गई है, जबकि केलांग, कुकुमसेरी और गोंदला में भी हल्की बर्फबारी हुई है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला का अनुमान है कि 23 जनवरी तक प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात होता रहेगा। पिछले करीब 3 महीनों से राज्य में पर्याप्त बारिश और बर्फबारी न होने के कारण सूखे जैसे हालात बन गए थे। इसका सीधा असर रबी सीजन की फसलों, खासकर गेहूं पर देखा जा रहा है। इसके अलावा सेब उत्पादक क्षेत्रों में भी चिंता बढ़ी हुई है। ऐसे में ताजा बर्फबारी और बारिश से किसानों, बागवानों और बिजली क्षेत्र से जुड़े लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। शिमला में शनिवार को न्यूनतम तापमान करीब 8.4 डिग्री, मनाली में 7.1 डिग्री, सुंदरनगर में 7.2 डिग्री, भुंतर में 7.8 डिग्री, कल्पा में 4.2 डिग्री, धर्मशाला में 2.8 डिग्री, ऊना में 5.3 डिग्री, नाहन में 6.8 डिग्री, पालमपुर में 5.5 डिग्री, सोलन में 5 डिग्री, मंडी में 6.3 डिग्री, कांगड़ा में 5.6 डिग्री और बिलासपुर में 4.5 डिग्री दर्ज किया गया है, जबकि जनजातीय इलाकों में कुकुमसेरी और ताबो जैसे क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे क्रमशः माइनस 1.6 व माइनस 2.6 डिग्री बना हुआ है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *