Breaking: सीएम ने अधिकारियों को युद्ध स्तर पर राहत व बचाव कार्य करने के दिए निर्देश,केंद्र से 5-6 हेलीकॉप्टर देने की मांग


शिमला-03 सितंबर. मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सभी जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली, पेयजल और सड़क संपर्क जैसी आवश्यक सेवाओं को शीघ्र बहाल करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर वहां जरूरतमंद लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। सुक्खू ने प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा करते हुए चंबा प्रशासन को मणिमहेश यात्रा में फंसे श्रद्धालुओं को तुरंत निकालने और वायुसेना से समन्वय स्थापित कर 5-6 एमआई-17 हेलिकाप्टरों को तैनात करने केे निर्देश दिए, जिन्हें मौसम ठीक होते ही राहत कार्य में लगाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने फंसे हुए यात्रियों के परिवारों से लगातार संपर्क में रहने, भोजन की व्यवस्था करने और सड़क बहाली कार्य को प्राथमिकता देने के लिए कहा। उन्होंने अधिकारियों को राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी से भी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने किन्नौर में फंसे केरल के विद्यार्थियों की निशुल्क सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने को भी कहा।

मुख्यमंत्री ने सेब सीजन को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई को राज्य के सेब उत्पादक क्षेत्रों में सड़कों की बहाली को प्राथमिकता देने को कहा, जिससे बागवानों को नुकसान न झेलना पड़े। सीएम सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव मदद प्रदान करेगी।

कुल्लू जिले की स्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने सबसे अधिक प्रभावित बंजार और आनी क्षेत्रों में सड़कों की बहाली कार्य को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारी मशीनरी को वायुसेना की सहायता से हवाई मार्ग से भेजा जाएगा, जिससे बहाली का कार्य युद्धस्तर पर सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने राज्य विद्युत बोर्ड को शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति तुरंत बहाल करने को भी कहा।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि दो सितंबर तक 3526 करोड़ रुपये का कुल नुकसान आंका गया है। इस दौरान 122 भू-स्खलन, 95 फ्लैश फ्लड और 45 बादल फटने की घटनाएं हुईं और अब तक लगभग 341 लोगों की जान गई है। पिछले 24 घंटों में भारी बारिश के कारण 11 और लोगों की मृत्यु हुई है। इनमें मंडी जिला के सुंदरनगर में सात, कुल्लू और शिमला जिले में दो-दो लोगों की जान गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *