शिमला-18 जुलाई. बरसात के मौसम में एक ओर जहां प्राकृतिक आपदाएं व भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं तो दूसरी ओर राजधानी शिमला में पेड़ों के गिरने की घटनाएं हो रही हैं। शुक्रवार की देरशाम करीब सात बजे शिमला के लालपानी क्षेत्र में एक देवदार का पेड़ रिहायशी मकान पर जा गिरा गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।

स्थानीय वार्ड पार्षद विनोद कुमार के मुताबिक शाम करीब पौने सात बजे उन्हें सूचना मिली कि देवदार का एक पेड़ रिहायशी मकान पर गिरने वाला है जिसके चलते उन्होंने डीएफओ व बिजली विभाग के जेई को संपर्क किया लेकिन उसके थोड़ी देर बाद ही उन्हें दोबारा फोन आया कि पेड़ गिर गया है। जिसके बाद वे तुरंत घटना स्थल पर पहुंच गए। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद देखा कि पेड़ दो मकानों की छत पर गिरा है लेकिन किसी तरह का कोई जान माल का नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने एमसी ट्री कमेटी से आग्रह किया कि वार्ड में अन्य कई सूखे पेड़ हैं जो बरसात के मौसम में लोगों के लिए खतरा बन हुए हैं इन ख़तरनाक पेड़ों को समय रहते काटा जाए ताकि किसी तरह का कोई नुकसान न हो।
