शिमला-09 नवंबर. शिमला में समोसा विवाद को लेकर राजनीति गरमा गई है। एक ओर जहां पूरे देश में समोसा को लेकर सुक्खू सरकार चर्चा में है तो दूसरी ओर विपक्षी दल समोसे पर खूब राजनीति कर रही है। समोसा विवाद के बीच शिमला में भाजपा ने समोसा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष तिलक राज शर्मा ने कहा पूरे देश भर में हिमाचल का मजाक बन चुका है। राज्य पर अनेक प्रकार के चुटकुले लिखे जा रहे हैं। बार-बार हिमाचल का मजाक न बनाया जाए। कभी टॉयलेट टैक्स लगाने की बात होती है और अब समोसे पर नई यात्रा शुरू हो गई है। हिमाचल प्रदेश के लोग भोले-भाले जरूर हैं, लेकिन बेवकूफ नहीं हैं। सरकार को अपने रथ को विकास की दिशा में मोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि समोसा किसने खाया उसकी जांच सीआईडी से करवाई जा रही है लेकिन प्रदेश में नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है युवा वर्ग चट्टे का आदि हो रहा है लेकिन चिट्टा कहाँ से आ रहा इसकी जांच नहीं करवाई जा रही लेकिन समोसा किसने खाया उसकी जांच करवाई जा रही है। जो पूरे देश मे हंसी का पात्र बन रही है। उन्होंने सीएम सुक्खू से कहा कि वे प्रदेश हित को ध्यान में रखें न कि समोसा किसने खाया उस पर।
दरअसल हिमाचल प्रदेश में सीआईडी ने समोसों और केक के गायब हो जाने को लेकर जांच की। जिसकी वजह से ये मुद्दा इतना चर्चा में आया।हुआ यूं कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के कार्यक्रम के लिए शिमला में एक निजी होटल से मंगवाए गए समोसे और केक सीआईडी ने किसी और को ही परोस डाले। 21 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के लिए एक बड़े नामी होटल से समोसे और केक मंगवाए गए थे, लेकिन यह उन्हें परोसने की बजाय किसी और को ही खिला दिए गए। इसके बाद सीआईडी ने इसकी जांच भी की। इस मामले में कई पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए। समोसे पर जांच के बाद डीएसपी ने गुप्तचर विभाग के महानिरीक्षक को यह रिपोर्ट भेजी। जब यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो इस पर राज्य सरकार और राज्य गुप्तचर विभाग के सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर आ गया और कई मीम्स वायरल होना शुरू हो गए।
