Breaking: शिमला में निर्माणाधीन फ्लाईओवर से गिरे 4 मजदूर घायल


शिमला-19 अप्रैल. राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र के चलौंठी में निर्माणाधीन फ्लाईओवर से बुधवार देर रात चार मजदूर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मजदूरों को तत्काल इलाज के लिए IGMC अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल मजदूरों में दिलखुश खान, मोहम्मद कलीम खान, मोहम्मद रिजवान और मोहम्मद छोटे शामिल हैं। सभी बिहार के बेगूसराय जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।जिन्हें उपचार के लिए IGMC ले जाया गया है।

पुलिस ने फ्लाईओवर निर्माण कर रही गवार कंस्ट्रक्शन लिमिटेड के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार परवाणू-शिमला फोरलेन पर बन रहे फ्लाईओवर पर मजदूर रात करीब 11 बजे टावर क्रेन पर पिलर निर्माण का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान तेज आंधी और बिजली गुल हो गई। बताया जा रहा है कि क्रेन का स्विंग ऊपर से खुला हुआ था और अंधेरे में उतरते वक्त मजदूर अपना संतुलन खो बैठे और नीचे गिर गए। गनीमत यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन सभी मजदूरों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों की शिकायत के बाद पुलिस ने ढली थाना में राज कांट्रेक्टर गवार कंस्ट्रक्शन लिमिटेड के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

मजदूरों का आरोप है कि टावर क्रेन में इमरजेंसी लैंडिंग की सुविधा होते हुए भी क्रेन चालक ने उसका प्रयोग नहीं किया। साथ ही, कंपनी प्रबंधन और ठेकेदार पर भी गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की तकनीकी और प्रबंधन स्तर की जांच कर रही है और मजदूरों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *