शिमला-27 जनवरी. मौसम विभाग शिमला के मुताबिक प्रदेश के अधिकतर भागों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दाैर फिर से शुरू हो गया है। कई भागों में भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 27 जनवरी को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है साथ ही कुछ जगहों पर एक या दो बार भारी बारिश-बर्फबारी भी हो सकती है। चंबा, कुल्लू, किन्नाैर व लाहाैल-स्पीति के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। जबकि ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमाैर जिले के लिए तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। 1 फरवरी को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने के आसार हैं। 28, 30 और 31 जनवरी को ऊंची पहाड़ियों पर एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। 2 फरवरी को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। 29 जनवरी को राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य में न्यूनतम तापमान में 3-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की बहुत संभावना है। वहीं अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान में 3-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। इसके बाद अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 4-6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी।
मौसम विभाग के मुताबिक शिमला शहर में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी के साथ एक-दो तीव्र दौर व गर्जन, बिजली और तेज हवा (40-50 से 60 किमी प्रति घंटा) होने की संभावना है। वहीं, कुल्लू किन्नौर, चंबा और लाहौल-स्पीति जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश बर्फबारी के साथ कुछ तीव्र दौर होने की संभावना है। ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी और कांगड़ा जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी के साथ एक-दो तीव्र दौर व एक-दो स्थानों पर गर्जन, बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
शिमला में भी बारिश हो रही है। वहीं बीते 24 घंटों के दाैरान गोंदला में 22.0, कुकुमसेरी 21.3, कोठी 20.0, कोकसर 19.0, हंसा 15.0, केलांग 12.5, कल्पा 5.5, सांगला 1.8 व जोत में 1.0 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। वहीं सलूणी में 9.3, मनाली 6.0, तीसा और सेऊबाग 1.0, सराहन 0.7 व रामपुर 0.6 में मिलीमीटर बारिश हुई। उधर, राज्य में बीते दिनों हुई बर्फबारी से अभी भी सैकड़ों सड़कें और बिजली ट्रांसफार्मर ठप हैं। लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं।
सैलानियों को बर्फबारी वाले इलाकों में यात्रा नहीं करने की सलाह दी गई है। साथ ही स्थानीय प्रशासन की ओर से समय-समय पर जारी एडवाइजरी का पालन करने को कहा गया है।
