Breaking: शनिवार को जनवरी माह में 19 साल बाद शिमला और सोलन में रहा सबसे गर्म दिन


शिमला-04 जनवरी. हिमाचल में इस बार सर्दी में गर्मी का एहसास हो रहा है। प्रदेश की राजधानी शिमला और सोलन में जनवरी माह के अधिकतम तापमान ने पिछले कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले दो दिनों भारी बारिश और बर्फबारी का अपडेट दिया है। शनिवार को शिमला का अधिकतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 11.5 डिग्री अधिक है और जनवरी माह का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। वहीं पिछले कल शुक्रवार को शिमला का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस था, जो पिछले 19 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ चुका था। इससे पहले 30 जनवरी 2006 को शिमला का अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

सोलन जिले ने भी तापमान के नए आयाम छुए। शनिवार को सोलन का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो जनवरी माह का अब तक का सर्वाधिक तापमान है। इससे पहले 26 जनवरी 2007 को सोलन का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शनिवार को सोलन का तापमान सामान्य से 10.9 डिग्री अधिक रहा।

शिमला का न्यूनतम तापमान शनिवार को 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7 डिग्री अधिक है। राज्य भर में औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। वहीं मनाली का न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है।

हालांकि जनजातीय इलाकों में ठंड का प्रकोप अब भी जारी है। ताबो का न्यूनतम तापमान -8.4 डिग्री, समधो का -4.5 डिग्री, केलंग का -2.3 डिग्री, कुकुमसेरी का -1.9 डिग्री और कल्पा का 0.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन इलाकों में ठंड के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आने वाले दो दिनों में राज्य में मौसम खराब होने की संभावना जताई है। 5 और 6 जनवरी को मैदानी इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तेज अंधड़ और बिजली चमकने का भी अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार शिमला, कुफरी, नारकंडा, मनाली, डलहौजी, मैक्लोडगंज और कसोल जैसे लोकप्रिय हिल्स स्टेशनों पर बर्फबारी की संभावना है। बर्फबारी से यह इलाके फिर से सफेद चादर में लिपट जाएंगे। हालांकि इससे शीतलहर तेज होगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *