Breaking: राज्य के ऊंचे क्षेत्रों में आज हल्का तो 23 को भारी हिमपात का अनुमान


शिमला-18 जनवरी. सूबे में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से अगले तीन दिनों तक हल्की बर्फबारी और बारिश होने का पूर्वानुमान है। विशेष रूप से 23 जनवरी को भारी बर्फबारी के लिए अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, किन्नौर, कुल्लू, चंबा, कांगड़ा, लाहौल स्पीति, मंडी और शिमला जिलों की ऊंची चोटियों पर अगले 72 घंटों तक हल्की बर्फबारी हो सकती है। हालांकि, इन जिलों के निचले इलाकों और मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। इस बीच, प्रदेश के मैदानी इलाकों ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी में 21 और 22 जनवरी को घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में सुबह के वक्त विजिबिलिटी काफी कम हो गई है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कोहरे के कारण मैदानी इलाकों में ठंड में इजाफा हुआ है और यहां के तापमान शिमला से भी कम हो गए हैं। शिमला का न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जबकि सुंदरनगर का तापमान 1.7 डिग्री, ऊना का 1.4 डिग्री, पालमपुर का 1 डिग्री और हमीरपुर का न्यूनतम तापमान 2 डिग्री तक गिर गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *