Breaking: म्युचुअल आधार पर तबादलों पर जल्द बड़ा फैसला लेगी सरकार


शिमला-05 फरवरी. शिक्षकों के तबादलों को लेकर हिमाचल सरकार बड़े बदलाव की तैयारी में है। म्यूचुअल आधार पर तबादले बंद हो सकते हैं। म्यूचुअल आधार में दो शिक्षक एक-दूसरे के स्थान पर तबादला करवा लेते हैं, यानी इससे पहले कि सरकार उन्हें बदले, वे पहले ही पसंदीदा स्कूल चुन लेते हैं। इसके चलते उन्हें घर से दूर नौकरी करने नहीं जाना पड़ता। शिक्षा विभाग की बैठक में इस पर रोक लगाने का निर्णय हुआ है। अब प्रस्ताव मंत्रिमंडल की बैठक में जाएगा और इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। प्रदेश में लगभग 80 हजार शिक्षकों के तबादलों पर पहली अप्रैल को प्रतिबंध हटेगा। सरकार केवल उन्हीं शिक्षकों के तबादले करेगी, जिनका कार्यकाल तीन वर्ष व इससे अधिक का हो गया होगा। पिछले वर्ष बीच सत्र में शिक्षकों के तबादलों पर प्रतिबंध लगाया था। पहली अप्रैल से शिक्षकों के सामान्य तबादलों की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए भी उन्हें 15 से 20 दिन का ही समय दिया जाएगा। इसमें अब और बदलाव किया जा रहा है।

बता दें कि बीते सप्ताह शिमला स्थित राज्य सचिवालय में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की अध्यक्षता में विभाग की समीक्षा बैठक में इस मामले पर विस्तृत चर्चा की गई। शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों से उनकी राय जानी थी।इसमें अधिकारियों ने कहा कि तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा करने वालों का ही तबादला किया जाए। यदि आपसी सहमति से तबादलों की अनुमति दे दी जाती है तो कहीं पर शिक्षक अधिक हो जाएंगे व कहीं पर कम। विभाग इस मामले को मंत्रिमंडल की बैठक में रखेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *