मंडी-27 दिसंबर. एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन ने शनिवार को मंडी शहर में शव यात्रा निकाली। मंडी के चौहटा में पुतला दहन के दौरान एक एंबुलेंस कर्मी ने खुद पर डीजल छिड़क लिया और आत्मदाह का प्रयास किया। इस बीच हरकत में आए अन्य कर्मियों ने तुरंत उसे धक्का देकर हटाया और झुलसने से बचा लिया। इस दौरान एंबुलेंस कर्मियों का जमकर गुस्सा फूटा।
यूनियन और सीटू पदाधिकारियों का कहना है कि हिमाचल प्रदेश में 108 और 102 एम्बुलेंस सेवाओं में कार्यरत कर्मचारी नेशनल हेल्थ मिशन के तहत मेडस्वान फाउंडेशन कंपनी द्वारा वर्ष 2022 में नियुक्त किए गए हैं। इससे पहले वर्ष 2010 में इन कर्मचारियों की नियुक्ति जीवीके कंपनी द्वारा की गई थी, लेकिन उस दौरान भी कर्मचारियों को छंटनी भत्ता, ग्रेच्युटी और अन्य वैधानिक लाभ नहीं दिए गए। इस पूरे मामले में स्वास्थ्य मिशन की भूमिका को मूक दर्शक बताया गया।
