शिमला-06 जनवरी. हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एचआरटीसी) के शिमला डिवीजन में तैनात सुपरिंटेंडेंट ग्रेड-I जगदीश चंद आज़ाद को गंभीर आरोपों के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. निपुण जिंदल (आईएएस) द्वारा की गई।आदेश के अनुसार, जगदीश चंद आज़ाद पर पद का दुरुपयोग, गंभीर कदाचार तथा कर्मचारियों से अनुकूल जांच रिपोर्ट देने के बदले रिश्वत मांगने और स्वीकार करने जैसे आरोप सामने आए हैं। प्रबंधन का मानना है कि ये कृत्य सार्वजनिक सेवा के हितों के विरुद्ध हैं और भ्रष्टाचार की श्रेणी में आते हैं।आदेश में कहा गया है कि उक्त अधिकारी के विरुद्ध केंद्रीय सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1965 के अंतर्गत विस्तृत जांच प्रस्तावित है। जांच की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए उन्हें जांच अवधि के दौरान पद पर बने रहना उचित नहीं समझा गया।निलंबन अवधि के दौरान आज़ाद का मुख्यालय शिमला रहेगा और वे बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। इस अवधि में उन्हें नियमों के अनुसार निर्वाह भत्ता देय होगा। यह निलंबन आदेश आगामी निर्देशों तक प्रभावी रहेगा। इसके साथ ही शिमला डिवीजन के डिविजनल मैनेजर को निर्देश दिए गए हैं कि वे आरोपित कदाचार की प्रारंभिक जांच पांच दिनों के भीतर पूरी करें।

