Breaking: बिहार से सांसद पप्पू यादव हिमाचल बाढ़ प्रभावितों को देंगे दो माह का वेतन


नई दिल्ली-05 सितंबर.बिहार पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने एक बार फिर अपनी सामाजिक संवेदनशीलता और दरियादिली का परिचय दिया है। बाढ़ से तबाह हिमाचल प्रदेश, पंजाब और गुजरात के लोगों की मदद के लिए उन्होंने अपने सांसद के रूप में मिलने वाला पांच महीने का वेतन दान करने का ऐलान किया है। यही नहीं, पप्पू यादव ने इन राज्यों में खुद जाकर राहत कार्यों में हिस्सा लेने की भी घोषणा की है। उनके इस कदम की पूरे देश में सराहना हो रही है।

इस संबंध में पप्पू यादव ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर ट्वीट करते हुए लिखा,“मैं सांसद के रूप में अपने पांच महीने का वेतन देश के अभूतपूर्व बाढ़ पीड़ित राज्यों के लोगों के लिए समर्पित कर रहा हूं।” उन्होंने बताया कि दो महीने का वेतन हिमाचल प्रदेश, दो महीने का पंजाब और एक महीने का वेतन गुजरात के बाढ़ प्रभावित लोगों को दिया जाएगा।

पप्पू यादव ने पंजाब और हिमाचल प्रदेश में आई भयावह बाढ़ से हुए जान-माल के नुकसान पर गहरी चिंता जताई है। साथ ही उन्होंने गुजरात की स्थिति को भी गंभीर और चिंताजनक बताया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि इन राज्यों में बाढ़ की स्थिति में सुधार नहीं होता है, तो वह अपना पूरा साल का वेतन दान कर देंगे।

पप्पू यादव ने सिर्फ आर्थिक सहायता की घोषणा ही नहीं की, बल्कि यह भी कहा कि वह स्वयं हिमाचल, पंजाब और गुजरात जाकर बाढ़ पीड़ितों की सेवा करेंगे। उनका कहना है कि संकट की इस घड़ी में वह पीड़ितों के साथ खड़े रहेंगे और हरसंभव मदद करेंगे। यह कोई पहला मौका नहीं है जब पप्पू यादव ने किसी आपदा के समय मदद का हाथ बढ़ाया हो। चाहे कोरोना काल रहा हो या अन्य कोई प्राकृतिक आपदा, वे हमेशा जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रहते हैं। यही कारण है कि आम जनता के बीच उनकी एक अलग छवि बनी हुई है।

सांसद पप्पू यादव की इस पहल की सोशल मीडिया पर खूब सराहना हो रही है। लोग उनकी उदारता और सेवा भावना की तारीफ करते हुए उन्हें “जनता का सच्चा सेवक” बता रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि देश को ऐसे ही जनप्रतिनिधियों की जरूरत है जो न सिर्फ सत्ता में बैठकर, बल्कि जमीन पर उतरकर जनता की सेवा करें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *