Breaking: बहुचर्चित विमल नेगी मौत केस में CBI की पहली गिरफ्तारी, निलंबित ASI पंकज शर्मा अरेस्ट


शिमला-14सितंबर. बहुचर्चित विमल नेगी मौत मामले में CBI ने तीन माह बाद पहली गिरफ्तारी की है। इस मामले में सुबूतों से छेड़छाड करने के आरोप में निलंबित शिमला पुलिस के ASI पंकज को उनके गांव बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। सोमवार को उसे CBI अदालत शिमला में पेश किया जाएगा। CBI की दिल्ली से 10 सदस्यीय टीम आई है, जिसने सारी प्रक्रिया की है। इस मामले को लेकर जल्द और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

पंकज पर आरोप है कि जब विमल नेगी का शव बरामद किया गया तो उसने उनकी जेब से पेनड्राइव को निकाला और उससे छेड़छाड़ करने का भी आरोप है। इस संबंध में एक वीडियो रिकार्डिंग भी वायरल थी, जिसकी CBI ने जांच की है। विमल नेगी मौत मामले को लेकर उनकी पत्नी किरण नेगी और उनके स्वजन ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों पर आत्महत्या के लिए उकसाने व हत्या जैसे संगीन आरोप लगाए हैं। इस मामले में प्रदेश उच्च न्यायालय ने मामले की जांच सीबीआइ के सुपुर्द की है।

CBI इस जांच में जुटी है कि आखिर निलंबित ASI पंकज ने किसके कहने पर सुबूतों के साथ छेड़छाड की, जबकि वह न तो उस एसआइटी में शामिल था जिसे विमल नेगी मौत मामले को लेकर गठित किया गया था। बताया जा रहा है कि अब पंकज के बाद इस मामले में शामिल और भी गिरफ्तार हो सकते हैं, जिसके तहत सुबूतों से छेड़छाड़ की गई।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार CBI ने विमल नेगी के शव को निकालने के लिए इस्तेमाल की गई नाव के नाविकों से भी लंबी पूछताछ की थी। जिसमें उन्होंने सारे तथ्यों को उजागर किया था। इसके अलावा वीडियो रिकार्डिंग और शिमला एसआइटी द्वारा ASI पंकज को निलंबित करने के आधार और तथ्याें को शामिल किया है। एसपी शिमला द्वारा उसे निलंबित करने के बाद वह पुलिस लाइन कैथू में था। सीबीआइ उससे दिल्ली में भी कई बार पूछताछ कर चुकी है।

उधर,विमल नेगी की पत्नी किरण नेगी ने कहा कि अच्छी बात है CBI ने पंकज को गिरफ्तार किया है। जो असली गुनहगार हैं वो भी तो गिरफ्तार हों। लड़-लड़कर CBI को जांच सौंपी है। हम तो पहले दिन से कह रहे हैं कि उन्होंने आत्महत्या नहीं की उनकी हत्या की गई है।

सनद रहे HPPCL के पूर्व चीफ इंजीनियर विमल नेगी की मार्च महीने में संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई थी। विमल नेगी 10 मार्च से लापता थे। बाद में उनका शव 18 मार्च को बिलासपुर जिले के गोबिंद सागर झील में मिला था। विमल नेगी के लापता होने के बाद से उनकी पत्नी किरण नेगी ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को पत्र लिखकर HPPCL के तत्कालीन MD हरिकेश मीणा, निदेशक देशराज सहित अन्य उच्च अधिकारियों पर उनके पति को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। विमल नेगी की पत्नी किरण नेगी की शिकायत पर न्यू शिमला पुलिस थाने में FIR दर्ज की गई थी। FIR में आरोपी बनाए गए IAS हरिकेश मीणा, कारपोरेशन के निदेशक देशराज पर गंभीर आरोप हैं। हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के आदेशानुसार अब इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई है। इसी कड़ी में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है। जिसके बाद CBI ने निलंबित ASI पंकज शर्मा को गिरफ्तार किया है। अब जल्द ही इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। जिसके बाद विमल नेगी मौत मामले से जुड़ी परतें खुल जाएंगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *