शिमला-24 जनवरी. ताजा हिमपात ने राजधानी शिमला समेत ऊपरी शिमला में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. शहर की अधिकतर सड़कें बर्फ से ढक गई हैं, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है. जगह-जगह वाहन फंस गए हैं और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है. सड़कें बंद होने के कारण ऑफिस आने जाने वाले कर्मचारी और मरीज सभी परेशान रहे. सार्वजनिक परिवहन ठप होने से लोगों को बर्फीली सड़कों पर पैदल सफर करना पड़ रहा है. ऐसे हालात में शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान खुद फिल्ड में उतरकर जगह-जगह स्थिति का जायजा लिया.लेकिन शहर की अधिकतर सड़कों पर बर्फ जस की तस बनी रही. मेयर सुरेन्द्र चौहान भी सिर्फ कुछेक सड़कों को बहाल कर पाए लेकिन रिज मैदान से लेकर मॉल रोड़ पर दोपहर बाद तक बर्फ नहीं हटाई गई जिससे लोगों को भाटी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
हालांकि मेयर सुरेंद्र चौहान ने दावा किया कि शिमला शहर में करीब 150 नगर निगम कर्मचारी बर्फ हटाने और सड़कों को खोलने में जुटे हुए हैं। जिसके लिए जेसीबी और अन्य मशीनरी की मदद से लगातार बर्फ हटाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही प्रमुख सड़कों पर यातायात बहाल कर दिया जाएगा।
बता दें कि प्रदेश के कई जिलों में भारी बर्फबारी के चलते हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं. 1290 से अधिक सड़कें बंद होने से यातायात प्रभावित हुआ है. शिमला और मनाली में सैकड़ों पर्यटक फंसे हुए हैं. लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि सड़कों को बहाल करने के निर्देश जारी किए गए हैं और लोगों से एहतियात बरतने की अपील की गई है.
