शिमला-06अप्रैल. राज्य में मौसम साफ होते ही प्रचंड गर्मी पड़ रही है। प्रदेश के दस जगहों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पार और ऊना में 35 डिग्री के पार पहुंच गया है। 9 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। धूप खिलने से पारे में और बढ़ोतरी दर्ज होने का पूर्वानुमान है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 10 और 11 अप्रैल को राज्य के कई क्षेत्रों में बारिश होने का पूर्वानुमान है। प्रदेश के कई भागों में छह और सात अप्रैल को भी गर्म हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी व सोलन में 6 और 7 अप्रैल को अलग-अलग स्थानों पर हीट वेव की स्थिति बनी रहने की संभावना है। शनिवार को ऊना, सुंदरनगर, भुंतर, नाहन, सोलन, कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर, धौलाकुआं और बरठीं में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से अधिक रहा। पहाड़ी क्षेत्रों के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज हुई है।
उधर, 9 और 12 अप्रैल को चंबा, कुल्लू, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिले में एक-दो स्थानों पर तथा 10 और 11 अप्रैल को कई स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार हैं।
