Breaking: नेरवा से उत्तराखंड जा रही HRTC बस दुर्घटनाग्रस्त 3 की मौत 31 घायल


शिमला-03 फरवरी.मंगलवार सुबह सवेरे के दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। शिमला जिला के नेरवा से उत्तराखंड जा रही एक HRTC बस ( HP 66A 2588) क्वाणु क्षेत्र के समीप भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसा सुबह करीब साढ़े नौ बजे क्वाणु के पास शूदोई खड्ड में हुआ, जब बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

जानकारी के अनुसार बस चौपाल-नेरवा से वाया विकासनगर(उत्तराखंड) होकर पांवटा साहिब की तरफ जा रही थी। बस में कुल 34 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। अब तक मिली सूचना के मुताबिक तीन यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि 31 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को स्थानीय अस्पतालों में उपचार के लिए भेजा गया है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

HRTC प्रबंध निदेशक निपुण जिंदल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि तीन लोगों की मृत्यु की सूचना है। उन्होंने कहा कि निगम की टीम को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है और राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और परिवहन विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय स्तर पर मिल रही जानकारी के मुताबिक बस संकरी पहाड़ी सड़क पर एक अन्य वाहन को पास देने के दौरान किनारे की तरफ गई। इसी दौरान अचानक सड़क का डंगा (किनारा) धंस गया, जिससे बस संतुलन खो बैठी और सीधे खाई में लुढ़क गई।  


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *