निरमंड-09 सितंबर. उपमंडल की ग्राम पंचायत घाटू के शर्मानी गांव में भारी बारिश ने तबाही मचाई है। बीती रात करीब 2 बजे शर्मानी गांव में भूस्खलन की चपेट में एक मकान आया है जिसमें रहने वाले एक ही परिवार के पांच लोग लापता हो गए हैं। पंचायत प्रधान भोगा राम ने घटना की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार, हादसे में एक परिवार के 5 सदस्यों सहित कुल आठ लोग दब गए थे। जिनमें से एक शव बरामद कर लिया गया है, जबकि तीन घायलों को निकाला गया और अस्पताल भेजा गया। 4 लोग अभी तक लापता बताए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग पूरी तरह सहमे हुए हैं। स्थानीय प्रशासन को सूचना दे दी गई है और लोग खुद राहत और बचाव में लगे हुए हैं. क्षेत्र में भारी बारिश के कारण हालात और भी गंभीर बने हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर शरण लें और सतर्क रहें।
एसडीएम मनमोहन सिंह ने बताया कि आधी रात को शर्मानी गांव में लैंडस्लाइड की सूचना मिली थी औऱ राहत और बचाव का काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि एक शव बरामद कर लिया गया है और तीन घायलों को अस्पताल भेजा गया है, जबकि चार लोग लापता हैं।
