Breaking: नववर्ष पर नालागढ़ पुलिस स्टेशन के पास जोरदार धमाका, फॉरेंसिक टीम मौके पर


सोलन-01 जनवरी. नववर्ष के पहले दिन सोलन के नालागढ़ पुलिस स्टेशन की दीवार के पास सुबह करीब सवा नौ बजे एक जोरदार धमाका हुआ। इस घटना से पुलिस स्टेशन, ECHS पॉलीक्लिनिक भवन और मार्केट कमेटी के भवन की खिड़कियों के शीशे टूट गए। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सील कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। धमाके का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

सूत्रों के अनुसार, सुबह के समय हुए इस धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। धमाके के कारण पुलिस स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। धमाके के कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। नालागढ़ में हुए इस जोरदार धमाके के बाद स्थानीय लोगों में भारी दहशत फैल गई है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक धमाके की गूंज काफी दूर तक महसूस की गई। बताया जा रहा है पुलिस थाना के आसपास निजी व सरकारी भवन भी हैं। यहां पास में स्थित सैनिक विश्राम गृह की दीवारें और शीशे बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

आसपास की इमारतों को नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। घटनास्थल को तुरंत सील कर दिया गया ताकि किसी भी प्रकार के साक्ष्य नष्ट न हों। पुलिस घटना के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। धमाके के कारणों का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों की एक टीम भी मौके पर बुलाई गई है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह धमाका किसी विस्फोटक उपकरण के कारण हुआ है या किसी अन्य कारण से। घटना के समय इलाके में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।

धमाके की खबर मिलते ही पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने घटनास्थल का दौरा किया और जायजा लिया। इसके अतिरिक्त फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची  और साक्ष्य इकट्ठे किए। पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने कहा है कि धमाका काफी तीव्र रहा है और पुलिस थाने के अलावा करीब 50- 60 मीटर दूर पूर्व सैनिक लीग के भवन और ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक के खिड़कियों के शीशे टूट गए है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है तथा रिपोर्ट आने पर ही किसी नतीजे पर पहुंचा जा सकेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *