Breaking: ठियोग सैंज में दोस्त ने दोस्त को उतारा मौत के घाट


शिमला-08 अप्रैल. शिमला जिले के ठियोग उपमंडल के सैंज क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां बीती शाम एक व्यक्ति ने अपने ही दोस्त की वर्कशॉप में हत्या कर दी। मृतक की पहचान रवि (35) निवासी नलोट, सुंदरनगर, जिला मंडी के रूप में हुई है। आरोपी अनिल सोलन जिला के अर्की का रहने वाला है, जो सैंज के भोटका मोड़ पर वर्कशॉप चलाता है।

जानकारी के अनुसार रवि की हाल ही में शादी हुई थी और वह अपनी खुद की जेसीबी मशीन चलाता था। रवि और अनिल आपस में अच्छे दोस्त थे और अक्सर एक-दूसरे की दुकान पर बैठते थे। सोमवार शाम करीब 5 बजे रवि अनिल की वर्कशॉप पर पहुंचा। कुछ ही देर बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि अनिल ने गुस्से में आकर वर्कशॉप में रखे औजारों से रवि पर हमला कर दिया। चश्मदीद गवाह बासा सैंज निवासी कुलदीप सिंह के अनुसार, झगड़े के दौरान वर्कशॉप से तेज आवाजें सुनाई दीं। जब वह मौके पर पहुंचा तो देखा कि रवि खून से लथपथ फर्श पर पड़ा हुआ था और अनिल किसी को फोन पर कह रहा था कि उसने एक व्यक्ति को मार डाला है। इसके बाद अनिल और कुछ अन्य लोग रवि को कार में डालकर ठियोग अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में ही रवि की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी अनिल को गिरफ्तार कर लिया है और मौके से फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। मंगलवार को रवि के शव का पोस्टमार्टम ठियोग अस्पताल में करवाया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

SHO ठियोग जसवंत सिंह स्वयं इस मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि दोनों के बीच विवाद की असली वजह क्या थी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *