Breaking: जेल में कैद चिट्टे के आरोपियों के बीच चले लात- घूंसे एक को पहुंचाया अस्पताल


शिमला-23 नवंबर. शिमला के कैथू जेल में शनिवार को दो कैदी कंबल को लेकर आपस में भिड़ गए। इस दौरान एक कैदी के आंख में चोटें आई है। घायल अवस्था में कैदी को उपचार के लिए आईजीएमसी ले जाया गया है, जहां पर उसका उपचार किया जा रहा है।  घायल कैदी का नाम गौरव है। रामपुर निवासी कैदी ध्रुव पर दूसरे कैदी पर हमले का आरोप लगा है। 

घटना के बाद कारागार प्रशासन ने पुलिस थाना बालूगंज को सूचित किया और थाना से अन्वेषण अधिकारी को आईजीएमसी शिमला भेजा गया। जानकारी के मुताबिक शनिवार दोपहर को जब दोनों कैदी बंदी के बाद बैरेक में वापस जा रहे थे, तभी कंबल को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि ध्रुव और गौरव दोनों एक ही बैरेक में बंद थे। विवाद उस समय और बढ़ गया जब ध्रुव ने गौरव सिंह पर हमला कर दिया। गौरव की दाहिनी आंख पर चोट पहुंची है। गौरव को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। झगड़े के बाद कारागार प्रशासन ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस थाना बालूगंज को सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। 
जानकारी के मुताबिक ध्रुव और गौरव दोनों ही चिट्टे के मामले में अंडर ट्रायल कैदी हैं। ध्रुव बीते 28 अक्टूबर 2024 से कैथू जेल में बंद है, जबकि गौरव सिंह 20 अगस्त से यहां बंद है। दोनों पर मादक पदार्थों से संबंधित मामले दर्ज हैं और वे न्यायिक प्रक्रिया के तहत ट्रायल का सामना कर रहे हैं। गौरव पर आरोप है कि वह मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल था, जबकि ध्रुव पर भी चिट्टे के मामले में ही मामला दर्ज है। बहरहाल बालूगंज पुलिस इस घटना की तफ्तीश में जुटी है और घायल गौरव के बयान लिए जा रहे है। पुलिस की टीम भी आईजीएमसी में पहुंची है। आखिर दोनों कैदियों के बीच की लड़ाई की असली सच्चाई क्या है इसका पुलिस पर लगा रही है। प्राथमिक जांच में अभी कंबल को लेकर लड़ाई होना सामने आया है। मामले को लेकर पुलिस की जांच जारी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *