शिमला-24 दिसंबर.शिमला के चौपाल में सरकारी अफसर होने की धौंस जमाकर दुकानदार को डराने, मुफ्त सामान उठाने और पैसे ऐंठने का एक मामला सामने आया है. शराब के नशे में दो युवक दुकान में घुसे, खुद को डीएसपी और फूड इंस्पेक्टर बताया और जुर्माने के नाम पर पैसों की वसूली करने लगे, जब दुकानदार ने विरोध किया तो उसे जान से मारने और दुकान को आग लगाने तक की धमकी दी गई. पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.चौपाल पुलिस थाना क्षेत्र से जुड़ा है. झिकनीपुल निवासी युवक ने बताया कि वो 12 दिसंबर की शाम करीब 8 से 9 बजे के बीच शिशु शर्मा और विक्की नाम के दो युवक उसकी दुकान पर आए. दोनों युवक शराब के नशे में थे और दुकान में आते ही अभद्र व्यवहार करने लगे. दुकानदार का आरोप है कि आरोपियों ने खुद को डीएसपी और फूड इंस्पेक्टर बताते हुए डर का माहौल बनाया. इसके बाद उन्होंने बिना भुगतान किए करीब तीन किलोग्राम मिठाई उठा ली. इतना ही नहीं, उन्होंने 5,000 रुपये जुर्माना बताते हुए मांगे और बाद में ₹50,000 रुपये देने का दबाव भी बनाया.शिकायतकर्ता के मुताबिक जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसे जान से मारने और दुकान को आग लगाने की धमकी दी. पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. इसकी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना चौपाल में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 204, 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
एसपी संजीव गांधी का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Breaking: चौपाल में सरकारी अधिकारी बनकर दुकानदार पर जताई धौंस, मामला दर्ज
