Breaking: केंद्रीय टीम ने समेज गांव में हुए नुकसान का लिया जायजा


शिमला-26 अक्टूबर. प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए केंद्रीय टीम ने समेज गांव का दौरा किया। केंद्रीय गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव के नेतृत्व में पहुंची आठ सदस्यीय टीम ने समेज में हुए हर तरह के नुकसान के आंकड़े जुटाए। आपदा में कितने लोगों की मौत हुई और कितने घरों क्षतिग्रस्त हुए, इसके बारे में विस्तृत जानकारी प्रशासन के अधिकारियों से ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव मिहिर कुमार की अगुवाई वाली टीम नुकसान का जायजा लेने के बाद शिमला लौट गई।

बता दें कि 31 जुलाई की रात को श्रीखंड महादेव की पहाड़ियों पर बादल फटने से समेज खड्ड में भयंकर बाढ़ आई थी। इसके चलते सरपारा पंचायत का समेज गांव पूरी तरह से तहस-नहस हो गया। त्रासदी में शिमला और कुल्लू जिले के 36 लोग लापता हो गए थे और 37 मकान चपेट में आ गए। इनमें 32 मकानों का नामोनिशान मिट गया था। 36 लोगों में से अभी तक कुछ ही के शव मिले हैं। करीब एक दर्जन लोगों का अब तक सुराग नहीं मिल पाया है। एसडीएम रामपुर निशांत तोमर ने बताया कि केंद्रीय दल ने समेज गांव का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *