कुल्लू-25 जनवरी. कुल्लू की मणिकर्ण घाटी में नेपाली मूल के व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस की टीम अब हत्या के आरोपी का पता लगाने में जुट गई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ढालपुर अस्पताल भेज दिया है.
कुल्लू पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मणिकर्ण घाटी के छलाल पुल के पास एक नेपाली मूल के व्यक्ति का शव गिरा हुआ पाया गया. वही, पुलिस की टीम ने इस बारे फॉरेंसिक टीम को भी मौके कर बुलाया था. फोरैंसिक टीम के सदस्यों ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. मृतक के भाई विक्रम परसाई निवासी नेपाल ने अपने बड़े भाई रश्म परसाई उम्र 32 साल का शव विष्णु कुंड छलाल पुल के पास पड़ा होने की सूचना मणिकर्ण पुलिस को दी थी. विक्रम ने पुलिस टीम को बताया कि उसके भाई के शव को दबाने की नियत से शव के सीने और पैरों पर पत्थर रखे हुए थे. मृतक की गर्दन, माथे और ठोड़ी पर किसी नुकीली वस्तु से कटने के गहरे निशान भी मिले हैं.
एसपी मदन लाल ने बताया कि ‘शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू भेज दिया गया है. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और हत्यारों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.
बता दें कि जनवरी महीने में हत्या का ये तीसरा मामला है. कुल्लू और मंडी जिले की सीमा पर स्थित गाड़ागुशैणी में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की 8 जनवरी को पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी. युवक बिहार का रहने वाला था. इसके बाद 10 जनवरी को पतलीकूहल में देर रात नेपाली मूल के व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया था. आरोपी ने आपसी लड़ाई-झगड़े के दौरान मृतक को जानबूझकर सड़क के किनारे से नदी की ओर धक्का दे दिया, जिस कारण उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई थी.
