Breaking: कुमारसैन में एक नेपाली युवक ने दूसरे नेपाली युवक को उतारा मौत के घाट, जानें क्यों


शिमला-15 जनवरी. शिमला के कुमारसैन में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक नेपाली मूल के व्यक्ति ने अपने ही साथी को मौत के घाट उतारा है। जानकारी के मुताबिक कुमारसैन के घुमाना गांव में नेपाली मजदूर ने ही साथी नेपाली की हत्या कर दी।। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसके विरुद्ध धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। हालांकि सामने आया है कि नशे की हालत में आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया है। मृतक और हत्यारा दोनों बागवान के सेब बगीचे में मजदूरी करते थे। दोनों एक ही कमरे में रह रहे थे। मृतक की पहचान नेपाली मूल के 30 वर्षीय अर्जुन के रूप में हुई है। वहीं आरोपित का नाम करण (37) है।

पुलिस को दी शिकायत में देव राज चौहान (49) निवासी गांव घुमाना ने बताया कि एक महीने पहले उनके चाचा के लड़के बसंत लाल के माध्यम से उनकी मुलाकात दो नेपाली युवकों करण और अर्जुन से हुई थी। बातचीत के बाद दोनों युवकों को उन्होंने अपने बगीचे में काम करने के लिए बुला लिया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार 14 जनवरी की शाम वह अपने काम से मालंदी गांव गया था। लौटते समय अर्जुन ने उनसे बाजार में खर्च के लिए 500 रूपये मांगे जो उन्होंने दे दिए। शाम 6:45 बजे उन्होंने करण से फोन पर बात की तो करण ने बताया कि दोनों कैंप में मौजूद हैं। अगले दिन सुबह करीब 7:30 बजे गांव के ललित ने देव राज को फोन कर बताया कि कैंप के पास खेत में एक नेपाली सो रहा है। जब वह वहां पहुंचे तो देखा कि अर्जुन का खून से सना शव कैंप के कमरे में पड़ा था। उसका चेहरा और सिर खून से लथपथ था। घटनास्थल पर करण नेपाली मौजूद नहीं था। आवाज लगाने पर करण खेत में लेटा हुआ मिला। उसने पास में कंबल और एक काला बैग रखा हुआ था। शिकायतकर्ता देव राज के अनुसार करण नशे की हालत में था और उसकी पहनी हुई टी-शर्ट पर खून के धब्बे थे। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर करण को हिरासत में ले लिया।

देव राज ने आरोप लगाया है कि करण ने किसी कठोर वस्तु से अर्जुन के सिर और चेहरे पर वार कर उसकी हत्या की है।
डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आरोपित करण नेपाली को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *