शिमला-23जनवरी.हिमाचल प्रदेश में करीब साढ़े तीन माह बाद मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। प्रदेश केप्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में शुक्रवार सुबह चार बजे से ही बर्फ़बारी का दौर शुरू हो गया है जो लगातार जारी है। पर्यटन स्थल शिमला,नारकंडा,मनाली,खजियार, डल्हौजी में इस साल की पहली बर्फबारी हुई है। बर्फबारी अभी भी जारी है। वहीं, निचले क्षेत्रों में तज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। शिमला में देर रात से ही तेज हवाएं चल रही हैं। कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई है।
प्रदेश में 20 प्रमुख स्थानों पर न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से कम रहा। मौसम विभाग शिमला ने 23 जनवरी को लाहुल स्पीति, चंबा और कुल्लू जिले में 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चलने और भारी हिमपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं, मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर व सोलन में आंधी के साथ ओलावृष्टि व वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 23 जनवरी को मौसम विभाग ने 30-50 किलोमीटर प्रतिघंटा हवा के साथ विभिन्न जिलों। में बारिश बर्फ़बारी का अलर्ट जारी किया है। शिमला शहर के अलावा मनाली, कुफरी, नारकंडा व सोलंग वैली में भी हिमपात की संभावना जताई गई है। प्रदेश में वीरवार को कड़ाके की धूप खिली और तेज धूप के बाद शाम के समय शिमला, कांगड़ा सहित कुछ क्षेत्रों में बादल छा गए।
प्रदेश में दिन के तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि आई है। अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में सबसे अधिक वृद्धि जुब्बड़हट़्टी में 3.7 डिग्री सेल्सियस की हुई है, नेरी में 2.9, ताबो में 2.7, हमीरपुर में 2.5 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई।
ताजा बर्फबारी के कारण ऊपरी शिमला की ओर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई है। चौपाल-देहा सड़क बंद हो गई है, जबकि कई इलाकों में बिजली गुल हो गई है। ढली से कुफरी सड़क पर भी फिसलन बढ़ गई है। जिला प्रशासन ने इन प्रभावित इलाकों में अनावश्यक आवाजाही न करने की सलाह जारी की है। करीब साढ़े तीन महीनों के सूखे के बाद हुई इस बर्फबारी से किसानों और बागवानों को बड़ी राहत मिली है।अब किसान बागवान रबी फसलों की बिजाई व सेब बागिचों में अपना कार्य कर सकेंगे। इससे पहले किसान बागवान बारिश व बर्फ़बारी न होने से मायूस थे अब उनके चेहरे पर रौनक लौट आई है।
Breaking: करीब साढ़े तीन माह बाद हिमाचल में ड्राई स्पेल खत्म, बर्फ से लकदक हुए पर्यटन स्थल
