Breaking: करंट लगने से विजिलेंस में तैनात कुमारसैन के होमगार्ड जवान की हुई मौत


शिमला-12 जनवरी. राजधानी शिमला के न्यू शिमला थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में विजिलेंस विभाग में तैनात 50 वर्षीय होमगार्ड जवान रविंदर की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई।

यह घटना उनके सरकारी क्वार्टर में शनिवार की शाम को घटी जब वह ड्यूटी से बाहर थे। रविंदर कुमारसेन जिला शिमला के निवासी थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार घटना के समय रविंदर अपने क्वार्टर में अकेले थे। जानकारी के मुताबिक उनके कमरे में एक हीटर रखा था जिसे वह खाना बनाने के लिए इस्तेमाल करते थे। शुरुआती जांच में पता चला है कि खाना बनाते समय वह हीटर से करंट की चपेट में आ गए जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

जैसे ही पुलिस को घटना की सूचना मिली तो न्यू शिमला थाना के अन्वेषणाधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के साथ जांच को आगे बढ़ाया गया। पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *