Breaking: कंगना रनौत की 100 वर्षीय नानी का हुआ निधन


शिमला- 09 नवंबर. वॉलीवुड अभिनेत्री एवं मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद कंगना रनौत की 100 वर्षीय नानी इंद्री देवी ठाकुर का निधन हो गया। ब्रेन स्ट्रोक के चलते वह बिस्तर पर थीं। बीते शुक्रवार को उन्होंने आखिरी सांस ली। शनिवार को अंतिम संस्कार हुआ। कंगना का ननिहाल सरकाघाट के सधोट में है। कंगना ने सोशल मीडिया पर नानी के निधन की जानकारी साझा कर श्रद्धांजलि दी है।

कंगना ने नानी के संघर्ष को सलाम करते हुए सोशल मीडिया में लिखा है कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद नानी ने पांच बच्चों को बेहतरीन परवरिश दी और उन्हें आगे बढ़ाया। कंगना ने कहा कि नानी हमेशा हमारे डीएनए में रहेंगी और उन्हें हमेशा याद किया जाता रहेगा। उन्होंने कहा कि पहाड़ी महिला होने के बावजूद नानी पांच फुट आठ इंच लंबी थीं। विरासत में उन्हें भी उनकी लंबाई, स्वास्थ्य और मेटाबॉलिज्म मिला है। कंगना रनौत ने इस तस्वीर के साथ लिखा, ”मेरी नानी बहुत ही शानदार महिला रही हैं। उनके पांच बच्चे हैं। नाना जी और उनके पास बहुत सीमित चीजें थीं, लेकिन उन्होंने फिर भी सब बच्चों को अच्छे संस्थानों से अच्छी पढ़ाई करवाई। उन्होंने अपनी बेटियों की तब तक शादी नहीं करवाई जब तक वह अपने पैरों पर खड़ी न हो गई हों। उनकी बेटियों की भी सरकारी नौकरी थी। उनके पांचों बच्चों का काफी अच्छा करियर था। वह अपने बच्चों के करियर पर खूब गर्व करती थीं।”

वहीं, कंगना के पिता अमरदीप रनौत ने बताया कि उनकी 100 वर्षीय सास ने सादा जीवन जीते हुए सभी को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। पांच भाई-बहनों को बेहतरीन शिक्षा दिलाकर उन्हें ऊंचे पदों तक पहुंचाया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *