Breaking: ऊंचे क्षेत्रों में ताजा हिमपात से बढ़ी ठंड,जानिए अगले एक सप्ताह तक कैसा रहेगा मौसम


शिमला- 24 नवंबर. सूबे की ऊंची चोटियों पर शनिवार देर शाम हुई बर्फबारी के बाद रविवार को पूरे राज्य में मौसम साफ है। पर्यटन स्थलों शिमला और मनाली में रविवार को गुनगुनी धूप खिली है। हालांकि बर्फ़बारी के बाद पहाड़ी इलाकों में भीषण सर्दी पड़ रही है। इस बर्फ़बारी से न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। जनजातीय जिलों लाहौल-स्पीति और किन्नौर का पारा माइनस में चला गया है। लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया और यह सबसे ठंडा स्थल रहा। लाहौल-स्पीति के ही कुकुमसेरी और समधो में न्यूनतम तापमान क्रमशः -5.3 डिग्री व -1.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसमें अलावा किन्नौर के कल्पा में -0.2 डिग्री, रिकांगपिओ में 2.8 डिग्री और पर्यटन स्थल मनाली में 3.1 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य शहरों के न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। 

मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिन मौसम में कोई बदलाव नहीं आएगा। आगामी 29 नवंबर तक समूचे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। इस दौरान आसमान में धूप खिली रहेगी और किसी इलाके में बारिश या बर्फबारी के आसार नहीं हैं। 30 नवम्बर को उच्चपर्वतीय व मध्ययवर्ती इलाकों में बारिश व बर्फ़बारी की संभावना है। जबकि मैदानी भागों में मौसम के शुष्क बने रहने की उम्मीद है। मंडी और बिलासपुर में 26, 27 व 28 नवम्बर को सुबह-शाम घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की है। इस बीच मैदानी इलाकों में मौसम की बेरुखी लोगों को परेशान कर रही है। मैदानी हिस्सों में पिछले करीब दो महीने से बरसात नहीं हुई है। इससे कई स्थानों पर सूखे की स्थिति पैदा हो गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *