Breaking: अवैध खनन रोकने गए SDM मंडी पर खनन माफिया ने किया हमला, तोड़ा दांत


मंडी-10 फरवरी. हिमाचल में कानून व्यवस्था की सरेआम धज्जियां उड़ रही हैं। एक ओर चिट्टे के मामले लगातार सामने आ रहे हैं तो दूसरी ओर अवैध तस्कर रोकने गए SDM पर ही खनन माफिया ने हमला बोल दिया है।मामला मंडी सदर का है जहां पद पर तैनात आईएएस अधिकारी ओमकांत ठाकुर पर खनन माफिया ने हमला किया है। इस हमले में उनका एक दांत टूट गया। घटना सोमवार शाम की है, जब एसडीएम ओमकांत ठाकुर अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए ब्यास नदी के तट पर विंद्रावणी पहुंचे थे।

एसडीएम सदर को देखते ही खनन माफिया बौखला गए और उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि माफिया ने उन पर पत्थरों से वार करने की भी कोशिश की। एसडीएम के ड्राइवर ने बीच-बचाव किया जिससे स्थिति और बिगड़ने से बच गई। हमलावर घटना के बाद मौके से फरार हो गए। किसी भारी वस्तु से हुए हमले के कारण एसडीएम का एक दांत टूट गया। उन्हें घायल अवस्था में जोनल हॉस्पिटल, मंडी ले जाया गया, जहां डेंटिस्ट ने उनका उपचार किया। घटना की जानकारी मिलते ही डीसी मंडी अपूर्व देवगन, एडीसी मंडी रोहित राठौर, एडीएम मंडी डॉ. मदन कुमार और एएसपी मंडी सागर चंद्र सहित अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे।

डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने कहा कि अवैध खनन के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के दौरान यह हमला हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस इस मामले में कठोर कार्रवाई कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *