Breaking: अर्की बाज़ार में देररात लगी भीषण आग 7 वर्षीय बच्चे की झुलसने से मौत 8-9 लोगों के दबे होने की आशंका


सोलन-12 जनवरी. जिला के अर्की बाजार में रविवार देर रात करीब ढाई बजे अचानक भीषण आग लग गई। देर रात लगी आग ने नेपाली मूल के एक परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। इस दुखद घटना में सात साल के एक बच्चे का शव बरामद किया गया है, जबकि आठ से नौ अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।  लापता लोगों में 2 महिलाएं, 2 पुरुष और 4 बच्चे शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक आग सबसे पहले एक रिहायशी मकान में लगी, जो कुछ ही मिनटों में आसपास की दुकानों और अन्य मकानों तक फैल गई। देखते ही देखते पूरा बाजार धुएं और लपटों में घिर गया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 6 से अधिक मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए। घटना के दौरान कई LPG सिलेंडर फटने से हालात और भी बेकाबू हो गए। सिलेंडरों के धमाकों से आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे दमकल कर्मियों को आग बुझाने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। आसपास के लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग लगने का कारण नेपाली मूल के परिवार द्वारा जलती अंगीठी को घर के अंदर ले जाना बताया जा रहा है, जिसके बाद संभवतः छह से सात सिलिंडर फटने से आग ने भीषण रूप ले लिया।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक बाजार का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो चुका था।

घटनास्थल पर स्थानीय विधायक संजय अवस्थी भी पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आग के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि जो लोग लापता हैं, उनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।

इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। प्रभावित परिवारों का सब कुछ आग में जलकर खत्म हो चुका है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है, जबकि आग लगने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *