बिलासपुर-21 जनवरी. अजब चोर का गजब कारनामा चोरी करने आया शख्स शराब के नशे में ऐसा टल्ली हो गया कि ऑफिस में ही सो गया। मामला बिलासपुर के SDM कार्यालय घुमारवीं का है जहां एक व्यक्ति चोरी के इरादे से राजस्व सदन में घुस गया लेकिन शराब के नशे में उसने कार्यालय में लगा गीजर तो उतार दिया लेकिन शराब इतनी चढ़ी की चोर वहीं पर सो गया। कुछ लोगों ने सदन के भीतर उसे बिस्तर पर लेटा हुआ देख लिया और तुरंत पुलिस को सूचित किया। जैसे ही पुलिस वहां पहुंची, तो चोर को बिस्तर पर बेसुध हालत में पाया। साथ में ही शराब की बोतल भी पड़ी थी और गीजर बिस्तर पर पड़ा हुआ था। आरोपी की पहचान महेश निवासी गांव लेहरावन डाकघर मझोला तहसील चंदौसी जिला संभल उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस को जांच में पता चला कि यह प्रवासी सदन के निर्माण के दौरान वहां काम कर चुका है।
उधर, उपमंडलीय अधिकारी घुमारवीं के वरिष्ठ सहायक अजीत कौर ने इस संबंध में शिकायत दर्ज करा दी है। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने बताया कि उपमंडलीय अधिकारी घुमारवीं के वरिष्ठ सहायक अजीत कौर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है।
