कांगड़ा-03 जून.जिला कांगड़ा के पालमपुर क्षेत्र में आज एक कथित पत्रकार को दो लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। नॉर्थ जोन धर्मशाला विजिलेंस की विशेष टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी अमीर चंद डोगरा लंबे समय से खुद को एक न्यूज चैनल का रिपोर्टर बताकर लोगों पर दबाव बनाता आ रहा था।
घटना की शुरुआत उस समय हुई जब अमीर चंद ने एक स्थानीय व्यवसायी भुवनेश सूद के जमीन विवाद पर आधारित एक गलत और भ्रामक खबर प्रसारित की। जब भुवनेश सूद ने खबर को हटवाने का अनुरोध किया, तो आरोपी ने 15 लाख रुपये और एक ऑडी कार की मांग रख दी। बाद में दोनों के बीच 12 लाख रुपये में सौदा तय हुआ।
भुवनेश सूद ने मामले की गंभीरता को देखते हुए धर्मशाला विजिलेंस कार्यालय में शिकायत दर्ज करवाई। एसपी विजिलेंस के निर्देश पर एएसपी बद्री सिंह की अगुवाई में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने योजनाबद्ध तरीके से आरोपी को रिश्वत लेते हुए धर दबोचा। गिरफ्तारी उस समय हुई जब अमीर चंद ने पहली किस्त के तौर पर दो लाख रुपए लिए। इसके बाद विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। एएसपी बद्री सिंह के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार और जबरन वसूली की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। टीम यह भी जांच कर रही है कि क्या इससे पहले भी आरोपी ने इसी तरह से और लोगों से अवैध वसूली की है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी फर्जी पत्रकारिता के नाम पर कई लोगों को धमका चुका है।
