चंबा-26 जनवरी. चंबा जिला के भरमौर के भरमाणी माता जंगल में चार दिनों से लापता दो सगे भाईयों में से एक का शव बरामद हो गया है। सोमवार सुबह चलाए गए सर्च अभियान के दौरान दोनों भाईयों में से एक का शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचाना पीयूष के तौर पर हुई है। जबकि उसके सगे भाई विकसित राणा की तलाश अभी भी जारी है। बता दें कि चार दिन पूर्व दोनों भाई अपने कुत्ते के संग भरमाणी माता मंदिर की ओर वीडियो शूटिंग के लिए निकले थे। जिसके बाद भारी बर्फ़बारी के चलते दोनों युवक लापता हो गए थे। परिजनों ने दोनों युवकों की तलाश के लिए शिकायत दर्ज कराई थी जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
लापता युवकों की तलाश में सेना के हेलीकॉप्टर, एनडीआरएफ, पर्वतारोही पुलिस टीम, स्थानीय लोग, ड्रोन तकनीक की मदद ली गई। तीन दिनों में लगातार खराब मौसम और भारी बर्फबारी के कारण राहत कार्य में काफी बाधाएं आ रही थी लेकिन सोमवार सुबह एक बार फिर सर्च अभियान चलाया गया जिसमें एक युवक का शव बरामद हुआ है जबकि दूसरे युवक की तलाश की जा रही है।।
बता दें कि जिस क्षेत्र में दोनों युवक गए थे, वहां चार से पांच फीट तक ताजा बर्फ जमी हुई थी। फिसलन भरे रास्ते, तेज ठंड और दुर्गम पहाड़ राहत एवं बचाव कार्य के लिए बड़ी चुनौती बने लेकिन सर्च अभियान टीम लगातार दोनों युवकों की तलाश करती रही। पीयूष का शव बरामद होने के बाद क्षेत्र में शोक पसर गया है।
उधर, प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बर्फबारी के दौरान बिना पूरी तैयारी और जानकारी के ऊंचाई वाले एवं जोखिम भरे इलाकों में यात्रा न करें।
जानकारी के मुताबिक भरमौर के भरमाणी माता जंगल में लापता दोनों भाईयों के साथ एक भावुक कर देने वाला पहलू सामने आया है। बताया जा रहा है कि पीयूष और विकसित राणा के साथ उनका एक पालतू कुत्ता चार दिनों तक वहीं मौजूद रहा और किसी को शव के पास नहीं आने दिया। राहत की बात यह है कि कुत्ते का भी सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है और वह पूरी तरह जिंदा है। वफादारी और इंसान–जानवर के रिश्ते की यह मिसाल सभी को भावुक कर गई।
