शिमला-01 जनवरी. नए साल पर प्रदेश की सुक्खू सरकार सैकड़ों परिवारों के लिए राहत और उम्मीद लेकर आई है. राज्य सरकार ने अनुकंपा आधार पर लंबित मामलों का निपटारा करते हुए विभिन्न विभागों में नियुक्तियां देकर बड़ा तोहफा दिया है. लंबे समय से रोजगार की राह देख रहे आवेदकों को अब सरकारी सेवा में अवसर मिला है. प्रदेश सरकार ने अनुकंपा आधार पर नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे 202 पात्र आवेदकों को नियुक्ति प्रदान कर उन्हें नए वर्ष का तोहफा दिया है.
इनमें शिक्षा विभाग में 127 आवेदकों को श्रेणी-3 व श्रेणी-4 के पदों पर नियुक्त किया गया है. इनमें जेओए (आईटी) और मल्टी टास्क वर्कर शामिल हैं. वहीं, गृह विभाग में 74 आवेदकों को नियुक्तियां दी गई हैं, जिनमें 70 जेओए (आईटी) और श्रेणी-4 के चार पद शामिल हैं. इसके अतिरिक्त अभियोजन विभाग में भी एक आवेदक को नियुक्ति प्रदान की गई है.
CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार के कार्यकाल में लंबे समय तक अनुकंपा आधार पर नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे लोगों की अनदेखी की गई. रोजगार की उम्मीद लगाए कई परिवार लंबे समय तक असमंजस की स्थिति में थे. ऐसे में सरकार ने इन परिवारों की पीड़ा को समझते हुए ठोस कदम उठाते हुए नियुक्तियां प्रदान की हैं. उन्होंने प्रदेश सरकार इन संकड़ों परिवारों की भलाई और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है. ताकि भविष्य में उन्हें किसी प्रकार की मुश्किलों का सामना न करना पड़े.
