Breaking:कोटखाई में पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, हत्यारा गिरफ्तार


शिमला-29 अक्टूबर. शिमला जिला के कोटखाई में दिल दहला देने वाला मामला सामने आई है जहां पति ने अपनी पत्नी की बड़ी निर्ममता से हत्या कर दी और उसके शव को कमरे में बंद करके तीन साल के बच्चे सहित फरार हो गया। महिला का शव तीन दिन तक घर में पड़ा रहा। बदबू आने पर आस-पास रहने वाले लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज करने के चार घंटे के भीतर हत्यारे पति को गिरफ्तार कर लिया। शिमला के ही नारकंडा से आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। उसके साथ मासूम बच्चे को भी बरामद कर लिया गया है। हत्यारे ने लोहे के औजार से पत्नी पर प्रहार कर मौत के घाट उतारा है। आरोपी के ख़िलाफ़ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मृतक महिला नेपाली मूल की है। मृतक महिला की पहचान धनमाया (22) निवासी नेपाल के रूप में हुई है, वहीं आरोपी का नाम रमेश (25) निवासी नेपाल है।

कोटखाई पुलिस ने इस हत्याकांड को लेकर स्थानीय बागवान राजिंदर सिंह करार की तहरीर पर मामला दर्ज किया है।

बता दें कि नेपाली मूल का रमेश बागवान राजेन्द्र सिंह करार के सेब बगीचे में काम करता था। वह बागवान द्वारा बनाए गए शेड में पत्नी और तीन साल के बच्चे संग रह रहा था। तीन दिन पहले दम्पति के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई और आरोपी रमेश ने जमीन खोदने वाला औजार पत्नी के सिर पर दे मारा। जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान हो गई और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।इसके बाद आरोपी ने पत्नी के शव को कमरे में ही रजाई के नीचे छिपा दिया और बच्चे को लेकर फरार हो गया। तीन दिन तक शव के कमरे में पड़े रहने से जब बदबू फैली तो शेड के समीप रहने वाले लोगों ने इसकी सूचना बागवान राजिंदर सिंह को दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू की और फरार हत्यारे की तलाश शुरू की। चार घंटे के भीतर हत्यारे को शिमला के नारकंडा में गिरफ्तार किया गया। एसपी शिमला ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कोटखाई थाने में हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *