Breaking: रोहड़ू के केटेड़ी में घर के पास खड़ी कार से लाइसेंसी बंदूक उड़ा ले गए चोर


शिमला-03 फरवरी. शिमला जिला के चिड़गांव में चोरी की घटना का अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति की कार से लाइसेंसी बंदूक चोरी होने का मामला सामने आया है। रात के समय चोर कार से 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक उड़ा ले गए। घटना का पता चलने के बाद पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी। इसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। चोरी हुई बंदूक की अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक रोहड़ू तहसील के गांव केटेड़ी, डाकघर समरकोट क्षेत्र में हुई। शिकायतकर्ता जैन सिंह पुत्र स्वर्गीय निहाल चंद के अनुसार उन्होंने 31 जनवरी की रात अपनी ऑल्टो कार (नंबर एचपी-10ए-4163) घर के पास खड़ी की थी। रात के दौरान अज्ञात चोरों ने कार से उनकी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक चोरी कर ली। अगली सुबह जब उन्होंने कार की जांच की तो बंदूक गायब थी। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।

पीड़ित का कहना है कि बंदूक वैध लाइसेंस पर थी और कार में रखी गई थी। चोरी के समय किसी तरह की आवाज या हलचल महसूस नहीं हुई, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई, लेकिन फिलहाल कोई ठोस सुराग सामने नहीं आया है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि लाइसेंसी हथियार की चोरी गंभीर मामला है और इसकी जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है।

इस मामले में पुलिस थाना रोहड़ू में 3 फरवरी 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है और कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *