Breaking: सूबे में फिर करवट बदलेगा मौसम एक फरवरी को बारिश व बर्फ़बारी के आसार


शिमला-29 जनवरी. हिमाचल में एक बार फिर मौसम करवट बदलने वाला है. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बताया कि 30 जनवरी को एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का पूर्वानुमान लगाया है. इसके चलते ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है. 31 जनवरी से 3 फरवरी तक प्रदेश के कई भागों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है. हालांकि 30 और 31 जनवरी को प्रदेश के मध्यम और निचले व मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहेगा.मौसम विभाग ने 1 फरवरी को प्रदेश में भारी बारिश-बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान बिजली चमकने, अंधड़ चलने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. कुछ स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है. इस दौरान प्रदेशभर में बारिश और बर्फबारी होने को लेकर चेतावनी जारी की गई है.मौसम विभाग के अनुसार 4 फरवरी को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने और धूप खिलने की संभावना है, जिससे ठंड से राहत मिलने की उम्मीद है. अगले 3 से 4 दिनों के दौरान प्रदेश में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की प्रबल संभावना है. वहीं, अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. इससे दिन में हल्की गर्माहट और रात में कड़ाके की ठंड का एहसास होगा.

पिछले दिनों सूबे में हुई बारिश व बर्फबारी दर्ज की गई है. कोठी में 75.0 सेंटीमीटर, कोकसर में 51.0, खदराला में 40.6, गोंदला में 36.0, कुकुमसेरी में 28.3, कल्पा में 17.7, शिलारू में 17.0, पूह में 16.0, केलांग में 15.0, सराहन में 12.7, मूरंग में 12.0, कुफरी में 11.0, शिमला में 4.0 और चौपाल में में 3.0 सेंटीमीटर बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है. वहीं, बारिश के आंकड़ों की बात करें तो भुंतर में 55.4 मिमी, सियोबाग में 47.0, बिलासपुर में 45.6, गोहर में 45.0, श्री नैना देवी में 44.6, कसौली में 44.2, सुंदरनगर में 42.4, भटियात में 42.3, स्लापड़ में 42.1, पंडोह में 42.0, जोगिंदर नगर में 40.0 और सोलन में 39.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *