शिमला-28 जनवरी. हिमाचल प्रदेश में हुई ताज़ा बर्फबारी के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। भारी हिमपात से प्रदेशभर में 818 सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई है, जबकि चार राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी आवागमन पूरी तरह ठप है। इसके अलावा करीब 4,800 बिजली ट्रांसफार्मर ठप होने से कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।
यह जानकारी राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने दी। उन्होंने बताया कि राज्य प्रशासन पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ राहत एवं बहाली कार्यों में जुटा हुआ है। बंद सड़कों को शीघ्र खोलने और बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए संबंधित विभागों को युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। मशीनरी और कर्मियों को प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया गया है, ताकि स्थिति जल्द सामान्य की जा सके।
राजस्व मंत्री ने कहा कि बर्फबारी के चलते लोगों को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन लंबे समय से इस हिमपात का इंतजार भी किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि ताजा बर्फबारी से प्रदेश के बागवानों और किसानों को विशेष लाभ मिलने की संभावना है। सेब सहित अन्य फसलों के लिए यह मौसम अनुकूल सिद्ध होगा, जिससे आगामी उत्पादन पर सकारात्मक असर पड़ेगा।उन्होंने यह भी कहा कि लंबे समय से चले आ रहे सूखे के बाद इस हिमपात से जल स्रोतों, नदियों और प्राकृतिक जल धाराओं को भी राहत मिलेगी, जिससे आने वाले समय में पेयजल और सिंचाई व्यवस्था में सुधार होगा। जगत सिंह नेगी ने लोगों से अपील की कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
