शिमला-24 जनवरी. हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश-बर्फबारी के बाद जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। राज्य में 1291 सड़कें बंद हैं। वहीं बर्फबारी के दीदार के लिए बड़ी संख्या में सैलानियों ने राजधानी शिमला सहित मनाली व अन्य पर्यटन स्थानों का रुख किया है। बर्फबारी से सड़कें बाधित होने के कारण घंटों जाम लग रहा है। शिमला व मनाली में आज सुबह से ही भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। दिनभर बर्फ पर फिसलन की वजह से ट्रैफिक कछुआ चाल से चला। इससे सबसे ज्यादा परेशानी शिमला-मनाली पहुंच रहे या यहां से लाैट रहे सैलानियों को झेलनी पड़ी। शिमला के सर्कुलर रोड पर सुबह से वाहनों की लंबी लाइनें लगी रहीं। सुबह अधिकतर लोग पैदल अपने गंतव्य तक पहुंचे। कई सैलानी भी गाड़ियों से उतरकर पैदल मालरोड की ओर जाते नजर आए। सड़क से बर्फ को पूरी तरह नहीं हटाया जा सका है।कालका-शिमला ट्रेन से शनिवार को बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे। इस दाैरान सैलानियों ने समरहिल रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर बर्फ में खूब अठखेलियां कीं। सैलानियों ने एक-दूसरे पर बर्फ फेंककर जमकर मस्ती की।प्रदेश में बर्फबारी होने के बड़ी संख्या में सैलानी शिमला का रुख कर रहे हैं। इससे कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर परवाणू में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। शिमला की ओर आने वाली लेन में जाम की स्थिति है। तीन किलोमीटर तक जाम लगा हुआ है। मौके पर पुलिस बल भी तैनात है।
उधर, पतलीकूहल से मनाली तक भारी ट्रैफिक जाम लगा रहा। बर्फबारी ने मनाली हाईवे जोखिम भरे स्लिप जोन में बदल दिया है। पतलीकूहल से आगे मनाली तक जाम की स्थिति बनी हुई है। वापस लाैट रहे कई सैलानी घंटों फंसे रहे। मनाली के ट्रैफिक जाम के वीडियो भी सामने आए हैं।
उधर, मंत्री विक्रमादित्य सिंह पर्यटकों को सचेत करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश आने वाले सभी पर्यटकों का स्वागत है, लेकिन देवभूमि की गरिमा से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। यह प्रदेश केवल घूमने-फिरने की जगह नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और सदियों पुरानी देव परंपरा की भी पावन धरती है।
एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की ओर से मनाली में आपत्तिजनक तरीके से डांस के वीडियो पर लोक निर्माण मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताते हुए यह बात कही है। विक्रमादित्य ने कहा है कि देवभूमि में आपका सम्मान सुरक्षित है, बशर्ते आप यहां की मर्यादाओं का सम्मान करें। धार्मिक स्थलों के पास अनुचित फोटोशूट, शराब और नशे के साथ हुड़दंग, शोर-शराबा और असभ्य व्यवहार करने वालों के खिलाफ प्रदेश में कड़ी कार्रवाई होगी।
