Breaking: भारी बर्फबारी में फंसे 44 पर्यटकों और मरीजों को शिमला ने किया रेस्क्यू


शिमला-23 जनवरी.हिमाचल में मौसम ने अचानक करवट बदली है। ताजा हिमपात के बीच शिमला शहर के आसपास और ऊपरी इलाकों में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। शहर से लेकर अप्पर शिमला तक सड़कों पर आवागमन ठप हो गया है, कई मार्ग फिसलन के कारण बंद कर दिए गए हैं और लोग घरों में ही रहने को मजबूर हैं। ऐसे हालात में शिमला पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई ने बर्फ में फंसे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत दी है।

शुक्रवार को शिमला पुलिस ने फागू क्षेत्र में फंसी HRTC की दो बसों से कुल 44 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें से 12 यात्रियों को ढली तक सुरक्षित पहुंचाया गया, जबकि अन्य यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया। लगातार बर्फबारी के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-05 भी बंद हो गया है, जिससे शिमला को ऊपरी क्षेत्रों से जोड़ने वाला यातायात पूरी तरह बाधित है।

इसी बीच शिमला पुलिस ने हसन वैली से एक मरीज को सुरक्षित रेस्क्यू कर आईजीएमसी शिमला पहुंचाया। खराब मौसम, बर्फ से ढकी सड़कों और सीमित दृश्यता के बावजूद पुलिस और राहत दलों की इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर मदद न मिलती तो हालात और गंभीर हो सकते थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *