शिमला-22 जनवरी. हिमाचल प्रदेश में लंबे इंतजार के बाद मौसम अपने तेवर दिखाएगा . मौसम विभाग शिमला के मुताबिक आज आधी रात से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिसका असर प्रदेश के ऊंचे पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों में देखने को मिलेगा. जहां ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पहाड़ी पर हिमपात की संभावना है जबकि निचले और मैदानी क्षेत्रों में झमाझम बारिश का दौर शुरू होगा. इस पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही प्रदेश में 23 जनवरी को मौसम में सबसे बड़ा बदलाव आएगा. इस दिन लंबे समय से जारी शुष्क मौसम से लोगों को राहत मिलेगी. प्रदेश भर में व्यापक बारिश और बर्फबारी से दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी. वहीं, रातें भी ठंडी होंगी. खासकर शिमला, मनाली, कुल्लू, किन्नौर, लाहौल-स्पीति और चंबा जैसे क्षेत्रों में ठंड का असर और तेज महसूस किया जाएगा.
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि 22 जनवरी देर शाम से एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा. ऐसे में देर रात से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्र चंबा, लाहौल-स्पीति, कुल्लू और किन्नौर यहां पर बर्फबारी होने की संभावना है. यह क्रम देर रात से 23 जनवरी को पूरा दिन जारी रहेगा.
संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि 24 जनवरी को ऊंचाई वाले जिलों लाहौल-स्पीति, चंबा व किन्नौर और मध्यम ऊंचाई वाले जिलों कांगड़ा, कुल्लू मंडी और शिमला यहां एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. उन्होंने कहा कि 25 जनवरी को मौसम साफ रहेगा, लेकिन 26 जनवरी को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा. जिस कारण 26 और 27 जनवरी को फिर से प्रदेश के कई क्षेत्रों जिसमें विशेष तौर पर ऊंचाई वाले और मध्यम ऊंचाई वाले कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है.
